महिला के साथ मारपीट व अभद्रता के मामले में फरार चल रहे ईनामी अपराधी को पौड़ी जिले की यमकेश्वर पुलिस टीम ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है।
एक स्थानीय महिला निवासी यमकेश्वर द्वारा थाना यमकेश्वर में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिसमें उसने बताया था कि संदीप बिष्ट उम्र 40 वर्ष (पूर्व प्रधान किमसार) पुत्र प्रीतम सिंह निवासी ग्राम किमसार थाना तहसील यमकेश्वर द्वारा उनके साथ मारपीट की गई तथा कपड़े फाड़े गए और गाली-गलौच की गई है। शिकायती प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना यमकेश्वर में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोपी घटना के बाद से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था व पुलिस को चकमा दे रहा था। माननीय न्यायालय द्वारा भी आरोपी का गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था।
शातिर किस्म का अपराधी होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए गए तथा आरोपी पर 2,500/- रूपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
जिसके चलते थानाध्यक्ष यमकेश्वर अरविन्द कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सर्विलांस एवं सुरागरसी करते हुए आरोपी संदीप बिष्ट को पुणे (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार कर लिया। तथा माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस टीम में महिला अपर उपनिरीक्षक मनाली राठी, मुख्य आरक्षी प्रेम सिंह, आरक्षी लोकेश गिरी शामिल रहे।







