श्रीनगर। उत्तराखण्ड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार श्रीनगर स्थित पी.एम. श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में उत्तराखण्ड सरकार की गेम चेंजर योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में कक्षा 1 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक वितरित की।

इस अवसर पर डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। गेम चेंजर योजना विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मन लगाकर अध्ययन करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के उपरांत डॉ. रावत ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखण्ड के निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर प्रकृति के संरक्षण में अपना योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा के जिला प्रभारी नलिन भट्ट ,जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।






