ब्यूरो –
पौड़ी पुलिस ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुलदार की खाल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने करीब दो वर्ष पहले जंगल में फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था और उसकी खाल निकालकर घर में छिपा रखी थी। अब वह उसे बेचने की तैयारी कर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में वन्यजीवों के अवैध शिकार एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सतपुली पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पोखरी (दुधारखाल) निवासी एक व्यक्ति के पास गुलदार की खाल है, जिसे वह हरियाणा में बेचने की योजना बना रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद क्षेत्राधिकारी पौड़ी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अनिल चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम पोखरी में दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी संदीप कुमार धस्माना (39 वर्ष) के घर में रखे एक टिन के बॉक्स से गुलदार की खाल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने लगभग दो वर्ष पहले जंगल में फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था। इसके बाद खाल को सुखाकर सही खरीदार की तलाश में अपने घर में छिपाकर रखा था और अब उसे बेचने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना सतपुली में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 50 एवं 51 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गुलदार संरक्षित वन्यजीव की श्रेणी में आता है। उसका शिकार करना, खाल रखना या उसका व्यापार करना कानूनन गंभीर एवं दंडनीय अपराध है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।






