श्रीनगर। सर्राफा धर्मशाला में शुक्रवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के रक्षाबंधन कार्यक्रम में सियासी रंग देखने को मिला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में महिलाओं ने उन्हें रक्षा सूत्र बांधा। इस दौरान बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।

कार्यक्रम संयोजिका मीना रावत ने कहा कि राखी महज धागा नहीं, बल्कि परिवर्तन और बेहतर भविष्य का प्रतीक है। उन्होंने महिलाओं से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करने की अपील की।
गोदियाल ने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बहनों के सम्मान और विश्वास की रक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण का भी उल्लेख किया।

दो निर्दलीय पार्षद कांग्रेस में शामिल
कार्यक्रम में नगर निगम के निर्दलीय पार्षद विकास चौहान और पूजा बर्त्वाल समेत दो दर्जन से अधिक लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पार्षद सूरज नेगी ने दावा किया कि पार्षदों को कांग्रेस में शामिल होने से रोकने के लिए प्रलोभन दिए गए, लेकिन उन्होंने कांग्रेस पर भरोसा जताया।कार्यक्रम में पूर्व पालिका अध्यक्ष मोहन लाल जैन, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सूरज घिल्डियाल, लाल सिंह नेगी, प्रियांशु मुयाल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।






