ब्यूरो । चमोली जिले के पोखरी विकासखंड स्थित ग्राम नैल के सिदेली तोक में शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे घास काटने गई दो महिलाओं पर भालू ने हमला कर दिया। जान बचाने के प्रयास में दोनों करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गईं।हादसे में विमला देवी (55) पत्नी चंद्रशेखर नेगी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल लक्ष्मी देवी (42) पत्नी गजेंद्र नेगी को प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।घटना की सूचना पर तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी, वन विभाग के अधिकारी और डीएफओ रजत सुमन अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।






