देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल में प्रसिद्ध संत श्री नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा का जीवन भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का ऐसा संदेश देता है, जो आज भी समाज के लिए उतना ही प्रासंगिक है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। उन्होंने कहा कि कैंची धाम आज विश्वभर में आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है और ऐसी विभूतियों के जीवन पर बनी फिल्में नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति व सनातन मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।उन्होंने फिल्म के निर्माता-निर्देशक और पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि सकारात्मक और प्रेरणादायी सिनेमा समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। उल्लेखनीय है कि विशाल चतुर्वेदी निर्देशित फिल्म ‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त 2026 को देशभर में हिंदी में रिलीज हुई थी।






