महादेव की कृपा से टला बड़ा हादसा, घायलों का बेस अस्पताल श्रीकोट में उपचार जारी
कीर्तिनगर। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कीर्तिनगर के समीप देर रात एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही कीर्तिनगर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में कार सवार तीन लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार सभी लोग सुरक्षित है।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कीर्तिनगर संजय मिश्रा ने बताया कि देर रात कार दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। कार अनियंत्रित होकर गदेरे में जा गिरी थी। कार में सवार तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बताया गया कि कार में जूना अखाड़े के स्वामी स्वरूपानंद यति महाराज, बाबा निरंजन पुरी महाराज समेत तीन संत सवार थे। स्वामी स्वरूपानंद यति ने घटना को बेहद भयावह बताते हुए कहा कि यह उनके लिए मौत को करीब से छूकर लौटने जैसा अनुभव था। महादेव की कृपा से तीनों संत सुरक्षित हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार ढूंढप्रयाग के इस स्थान पर पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, आवश्यकतानुसार क्रैश बैरियर, सुरक्षा दीवार और अन्य सुरक्षात्मक उपाय किए जाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में सड़क पर फिसलन और खराब मौसम के चलते दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
लोगों ने यात्रियों और वाहन चालकों से भी बरसात के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।






