श्रीनगर, गढ़वाल । प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हिंसरियाखाल मोटर मार्ग से डडुवा सिरोला तक चार किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग का निर्माण किया जाएगा। रविवार को देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। सड़क निर्माण और पांच वर्षीय अनुरक्षण कार्य पर कुल 5.66 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।इस दौरान विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि क्षेत्रवासी लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। मोटर मार्ग बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कुलदीप रावत, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र कुंवर, नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश मोहन मैठाणी और सिरोला ग्राम प्रधान मकानी देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






