स्वास्थ्य मंत्री ने किया शुभारंभ, मेडिकल कॉलेज में 13.43 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
श्रीनगर। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड राज्य शाखा के 29वें वार्षिक आईएपीएसएम सम्मेलन-2026 का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने किया। सम्मेलन में जनस्वास्थ्य, पर्यावरण और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा हुई। इस दौरान मंत्री ने चिकित्सकों से पर्वतीय क्षेत्रों में सेवाएं देने का आह्वान किया। उन्होंने चौरास आवासीय कॉलोनी की मरम्मत और जीवीके की जमीन पर खेल मैदान विकसित करने की घोषणा भी की।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जनस्वास्थ्य की चुनौतियों से निपटने में शोध, विशेषज्ञों का अनुभव और आपसी संवाद महत्वपूर्ण हैं। सम्मेलन में प्राप्त सुझावों को स्वास्थ्य नीतियों और सेवाओं में सुधार के लिए आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सकों को प्रोत्साहित करने के लिए 50 प्रतिशत तक हिल्स अलाउंस दे रही है। दूसरे राज्यों के चिकित्सक भी उत्तराखंड के मेडिकल कॉलेजों में सेवाएं देने के लिए आगे आएं।
उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के उपचार के साथ संवेदनशील व्यवहार और अस्पतालों में स्वच्छता पर ध्यान देने की अपील की। कहा कि मरीज के प्रति अच्छा व्यवहार उसे मानसिक संबल देता है, जबकि स्वच्छ वातावरण बेहतर उपचार व्यवस्था का अहम हिस्सा है।
13.43 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
स्वास्थ्य मंत्री ने बेस चिकित्सालय परिसर में 2.45 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने 15 सीटर ट्रांजिट हॉस्टल और 1.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित स्किल लैब के उपकरणों व मैनिकिन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 9.47 करोड़ रुपये से बनने वाले आठ टाइप-5 आवासों का शिलान्यास किया। इन कार्यों की कुल लागत 13.43 करोड़ रुपये है। उन्होंने सम्मेलन की स्मारिका का विमोचन भी किया।
चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि ऐसे सम्मेलन चिकित्सा शिक्षा और जनस्वास्थ्य नीतियों को बेहतर बनाने में सहायक हैं। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएमएस रावत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए जनस्वास्थ्य और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाने के लिए शोध आधारित प्रयासों पर जोर दिया।
डॉ. सीएमएस रावत को मिला ओरेशन अवार्ड
सम्मेलन में जनस्वास्थ्य और सामुदायिक चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान के लिए विशेषज्ञों को सम्मानित किया गया। प्रो. वीएन मिश्रा ओरेशन अवार्ड डॉ. सीएमएस रावत, प्रो. देवकी नंदन लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड-2026 प्रो. सुरेश चंदिया और प्रो. बीजी प्रसाद ओरेशन अवार्ड-2026 प्रो. सीएम सिंह को प्रदान किया गया।
आईएपीएसएम उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड राज्य शाखा की फेलोशिप के लिए डॉ. स्वाति खान, डॉ. जयराज सिंह हंसपाल और डॉ. खुर्शीद मुजम्मिल सहित अन्य चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में आईएपीएसएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष मेजर जनरल प्रो. अतुल कोतवाल, राष्ट्रीय महासचिव प्रो. मनीष कुमार सिंह, राज्य शाखा अध्यक्ष प्रो. हरि शंकर जोशी, महासचिव प्रो. संदीप कुमार, आयोजन अध्यक्ष डॉ. जानकी बर्त्वाल और सचिव डॉ. सुरेंद्र सिंह सहित विभिन्न राज्यों और विदेश से आए चिकित्सक व जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ मौजूद रहे।
लोक वाद्यों से गूंजा सम्मेलन
सम्मेलन में उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। नंदानगर से पहुंचे हरीश भारती की टीम ने ढोल, दमाऊ, मशकबीन और रणसिंघा की धुनों से अतिथियों का स्वागत किया। अनुसूया, सचिन और प्रदीप ने संगत दी। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने टीम की सराहना की। टीम ने आयोजन में आमंत्रित किए जाने पर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन का आभार जताया।






