टिहरी की डोबरा-चांठी पार्क परियोजना और हेमकुंड साहिब रोपवे के विद्युत कार्यों को भी मिली मंजूरी
देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उत्तराखंड राज्योत्सव के तहत परेड ग्राउंड में 1475.31 करोड़ रुपये की 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 1073.11 करोड़ की 44 योजनाओं का शिलान्यास और 402.20 करोड़ की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और शहरी विकास से जुड़ी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। ऊर्जा विभाग की 550.26 करोड़ रुपये की 23 योजनाएं इसमें शामिल हैं। वहीं पेयजल निगम की 273.20 करोड़ की 13 तथा जल संस्थान की 62.30 करोड़ की दो योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया।
पर्यटन क्षेत्र में टिहरी की डोबरा-चांठी पार्क परियोजना और श्री हेमकुंड साहिब रोपवे के लिए विद्युत आपूर्ति संबंधी कार्यों का शिलान्यास किया गया। वहीं तकनीकी शिक्षा के तहत नई टिहरी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में भवन निर्माण और उच्च शिक्षा के तहत अगस्त्यमुनि महाविद्यालय में पीजी ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा।
शहरी विकास विभाग की 103.20 करोड़ की पांच योजनाओं में हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के कार्य शामिल हैं। गृह विभाग के तहत देहरादून में 31.63 करोड़ की लागत से साइबर उत्कृष्टता केंद्र और हल्द्वानी में 36.64 करोड़ की लागत से फायर स्टेशन के आवासीय भवन बनाए जाएंगे।
इसके अलावा सितारगंज में 48.21 करोड़ की लागत से मिल्क पाउडर प्लांट, आइसक्रीम प्लांट और बेकरी यूनिट स्थापित की जाएगी। चिकित्सा शिक्षा, लोक निर्माण और आवास विभाग की योजनाओं का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
सरकार के अनुसार इन विकास कार्यों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।







