अमित शाह और सीएम धामी ने पदक व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, प्रत्येक को 51 हजार रुपये की धनराशि
देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड में छह बच्चों को प्रथम मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया। अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देकर दूसरों की जान बचाने वाले इन बच्चों को पदक, प्रशस्ति पत्र और 51-51 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गई। धनराशि डीबीटी के माध्यम से बच्चों के बैंक खातों में भेजी गई।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से पहली बार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए यह पुरस्कार दिए गए। सम्मानित बच्चों में चमोली की दिव्या, दीपिका और आरव सिंह, चम्पावत की माया, देहरादून की आराध्या और टिहरी की श्वेता शामिल हैं।
चमोली में 22 दिसंबर 2025 को विद्यालय परिसर में घुसे भालू के हमले के दौरान दिव्या, दीपिका और आरव ने साहस दिखाया था। आरव ने भालू से संघर्ष किया, दिव्या ने उसे बचाने में मदद की, जबकि दीपिका ने नौ अन्य विद्यार्थियों को सुरक्षित कक्षा में पहुंचाया।
चम्पावत की माया ने पांच अगस्त 2025 को नदी के तेज बहाव में फंसी बालिका को अपनी जान की परवाह किए बिना बचाया। इस दौरान वह स्वयं भी घायल हो गई थीं। देहरादून की आराध्या ने दो जून 2026 को बादल फटने से आई आपदा के दौरान घर में मौजूद 17 लोगों को सतर्क कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और तीन वर्षीय बच्ची की जान भी बचाई।
वहीं टिहरी की श्वेता ने 30 जनवरी 2025 को सड़क पर तेज गति से आ रहे वाहन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग को बचाया था। सरकार ने बच्चों के साहस और सूझबूझ की सराहना करते हुए इसे अन्य बच्चों के लिए प्रेरणादायक बताया।






