श्रीनगर। बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी आगामी 25 नवम्बर से शुरू होगा। जिसका शुभारम्भ प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) करेंगे। सात दिनों तक चलने वाले इस मेले के शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत और मंडलायुक्त विनय शंकर पाण्डेय बतौर अति विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। इस मौके पर गढ़वाल विवि से कमलेश्वर महादेव मंदिर तक कलश यात्रा के साथ मेले का शुभारंभ होगा। जबकि मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण के नाम रहेगी।

गुरुवार को नगर निगम सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उपजिलाधिकारी नुपुर वर्मा ने कहा कि 25 नवम्बर से 1 दिसंबर तक होने वाले बैकुंठ चतुर्दशी मेले को भव्य स्वरूप दिया गया है। कहा कि मेले में 26 नवम्बर को कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस मौके पर डा. धन सिंह रावत और एसएसबी के डीआईजी सुभाष चंद नेगी स्कूली छात्र-छात्राओं की परेड की सलामी लेंगे। इसी दिन धारी देवी के समीप जीवीके के झील पर जल क्रीड़ा प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेगी।27 नवम्बर को राज्य सूचना आयुक्त योगेश भट्ट बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए बच्चों की क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। 28 नवम्बर को झूमैलो, कठपुतली नृत्य के साथ ही कविराज डा. कुमार विश्वास का कार्यक्रम आयोजित होगा। 29 नवम्बर को केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे। 30 नवम्बर को महिला जागर प्रतियोगिता, चक्रव्यूह, नाटक मंचन सहित लोक गायिका पम्मी नवल की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वहीं 1 दिसंबर को पुरस्कार वितरण के साथ मेले का समापन होगा।

विधायक डॉ धन सिंह ने किया भूमिपूजन

श्रीनगर। प्रसिद्ध बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले से पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डा. धन सिंह रावत ने आवास विकास की भूमि का पूजन किया। आवास विकास की भूमि पर पहली बार बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले की तैयारियों को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन दिन-रात जुटा हुआ है। गुरुवार को भूमी पूजन के लिए पहुंचे कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले को भव्य और दिव्य बनाया जायेगा। जिसको लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है। सात दिनों तक चलने वाला यह मेला एक अमिट छाप छोडेगा। कहा कि श्रीनगर एक सांस्कृतिक नगरी है, इसी परिदृश्य को देखते हुए मेले में हर प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। कहा कि बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला विश्व भर में अपनी पहचान बनाये इसके लिए मेले को भव्य स्वरूप दिया गया है। इस मौके पर कमलेश्वर मंदिर के महंत आशुतोष पुरी, नागेश्वर महादेव मंदिर के महंत नितिन पुरी, उपजिलाधिकारी नुपुर वर्मा,भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र धिरवाण, जितेंद्र रावत, गणेश भट्ट सहित आदि मौजूद थे।







