मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
श्रीनगर, गढ़वाल। ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी 2025 के दूसरे दिन बुधवार को नगर के गोला बाजार क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक विद्यालयों के बच्चों ने मनमोहक मार्च पास्ट और आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया। राजकीय बालिका इंटर कालेज श्रीनगर से शुरू हुई परेड बाजार के मुख्य मार्गों से होते हुए निकली। स्थानीय गोला पार्क में पूर्व सैनिक एवं पार्षद दिनेश पटवाल ने परेड की सलामी ली। छात्र-छात्राओं द्वारा भारतीय धार्मिक परंपराओं को प्रदर्शित करने वाली देव स्थलों, देव डोलियों और मंदिरों की निकाली गई भव्य झांकियों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंगों से भरते हुए सभी दर्शकों का मनमोहा।इस दौरान झांकियों में प्रस्तुत उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, आस्था और परंपराओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के टॉपर छात्रों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करती हुई महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला न केवल हमारी आस्था और परंपरा का प्रतीक है। बल्कि यह नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का माध्यम भी है। विद्यार्थियों ने परेड और झांकियों के माध्यम से जिस तरह से भारतीय संस्कृति का प्रदर्शन किया है, वह सराहनीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने आगे कहा कि नगर निगम श्रीनगर लगातार प्रयासरत है कि यह मेला प्रदेश का एक आदर्श सांस्कृतिक आयोजन बने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिले।मौके पर नगर आयुक्त नूपुर वर्मा,सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, सफाई निरीक्षक शशि पँवार आदि मौजूद रहे।

परेड में सेंट थेरेसास और झांकी में मार्शल स्कूल विजेता

बैकुंठ चतुर्दशी मेले में बुधवार को श्रीनगर गोला पार्क में आयोजित परेड प्रतियोगिता के एनसीसी वर्ग में राजकीय पालिटेक्निक श्रीनगर ने प्रथम, गढ़वाल विवि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एनएसएस में गढ़वाल विवि श्रीनगर ने प्रथम, राबाइंका ने द्वितीय, सीनियर वर्ग में सेंट थेरेसास स्कूल ने प्रथम, रेनबो पब्लिक स्कूल चौरास ने द्वितीय, जूनियर वर्ग में द मार्शल स्कूल श्रीनगर ने प्रथम, आरसी मैमोरियल पब्लिक स्कूल ने द्वितीय, प्राथमिक वर्ग में शारदा बाल एकेडमी आंचल डेयरी ने प्रथम, सरस्वती शिशु मंदिर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। झांकी प्रतियोगिता में प्राथमिक वर्ग में मार्शल पब्लिक स्कूल प्रथम, जबकि केबी मेमोरियल पब्लिक स्कूल द्वितीय, जूनियर वर्ग में रेनबो पब्लिक स्कूल चौरास ने प्रथम और आइरिस पब्लिक स्कूल ने द्वितीय और सीनियर वर्ग में सेंट थेरेसास स्कूल ने प्रथम व गुरु राम राय पब्लिक स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।इधर,स्कूली बच्चों की बैंड प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में रेनबो पब्लिक स्कूल चौरास प्रथम,जूनियर वर्ग में द मार्शल पब्लिक स्कूल प्रथम और प्राइमरी वर्ग में स्काईनेट पब्लिक स्कूल प्रथम रहा।इस दौरान सभी विजेता टीमों को महापौर आरती भंडारी, नगर आयुक्त नूपुर वर्मा और पार्षदों ने ट्राफी देकर सम्मानित किया।मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी खिर्सू अश्विनी रावत व अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

श्रीफल और आर्शीवाद देकर दंपतियों को किया विदा महंत आशुतोष पुरी ने भगवान कमलेश्वर को 1008 कमल पुष्प अर्पित किए :बैकुंठ चतुर्दशी (कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी) की सुबह कमलेश्वर महादेव मंदिर में भाग लेने वाले संतान प्राप्ति की कामना के लिए खड़ा दीया करने वाले दंपतियों ने श्रीफल लेकर व्रत तोड़ा। मंदिर के महंत आशुतोष पुरी ने बुधवार को दंपतियों को संतान प्राप्ति और खुशहाली का आशीर्वाद देकर विदा किया। कमलेश्वर मंदिर के महंत आशुतोष पुरी ने 1008 कमल पुष्प भगवान कमलेश्वर को अर्पित किए। मंगलवार को गोधूलि बेला में खड़ा दीया अनुष्ठान शुरू हुआ था, जिसमें 190 दंपति शामिल हुए। बुधवार सुबह पूजा के बाद दंपतियों ने महंत आशुतोष पुरी को शिव का प्रतिनिधि मानते हुए दीपक उनके हाथ में सौंप दिया। गंगा स्नान करने के पश्चात हवन व गौदान कर महंत के हाथों श्रीफल लेकर दंपतियों ने उपवास खोला। रात्रि लगभग 4 बजे कमल पुष्प चढ़ाकर भगवान शिव की विशेष पूजा की गई। दीपिका पुरी ने भगवान शंकर को भोग बनाया। मौके पर दुर्गा प्रसाद बमराडा,प्रदीप फोंदणी, शिवम, जगदीश नैथानी आदि मौजूद थे।
निरंजनी कीर्तन मंडली ने जीती प्रतियोगिता

बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी 2025 के अंतर्गत आवास विकास मैदान में आयोजित कीर्तन प्रतियोगिता में महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में निरंजनी कीर्तन मंडली प्रथम, गौरा शंकर कीर्तन मंडली स्वीत द्वितीय और जय भवानी कीर्तन मंडली तृतीय स्थान पर रही।विजेता कीर्तन मंडलियों को महापौर आरती भंडारी ने ट्राफी और पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया। मौके पर पार्षद भावना चौहान, कुसुमलता, पूजा आदि मौजूद रहे।







