रुद्रप्रयाग।जनपद रुद्रप्रयाग के ग्राम जलई में बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे भालू के हमले में निशा देवी (60 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को ग्रामीणों की मदद से स्वास्थ्य केंद्र अगस्तमुनि लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग रेफर किया गया। चिकित्सक डॉ. ज्योति शाह के अनुसार पीड़िता की स्थिति फिलहाल स्थिर है, लेकिन खून का थक्का जमने के कारण रेफर किया गया है।सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हुआ। रेंजर एच.एस. रावत ने बताया कि 6 सदस्यीय टीम को क्षेत्र में भेज दिया गया है। मौके पर फॉरेस्टर गौरव भट्ट एवं फॉरेस्ट गार्ड ऋषिराज मौजूद रहे। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए यूकेडी जिला अध्यक्ष सूरत सिंह झिंकवाण ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताया और वन्यजीवों के बढ़ते हमलों पर ठोस कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।






