श्रीनगर महापौर आरती भंडारी ने धारी देवी मंदिर समिति के साथ ली बैठक
श्रीनगर, गढ़वाल । नगर निगम श्रीनगर ने गुरुवार को सिद्धपीठ धारी देवी मंदिर परिसर को व्यवस्थित रखने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा दिए जाने के उद्देश्य से मंदिर समिति के साथ बैठक की। महापौर आरती भंडारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मंदिर परिसर को व्यवस्थित रखने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि सिद्धपीठ की पवित्रता और अनुशासन बनाए रखने के लिए मंदिर क्षेत्र में मोबाइल फोन पूरी तरह से वर्जित रहेगा। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम द्वारा मंदिर परिसर में सामान रखने को लॉकर की व्यवस्था की जाएगी,जिससे दर्शनार्थियों को असुविधा न हो। बैठक में मंदिर में आने और जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने, मंदिर परिसर को अतिक्रमण मुक्त किये जाने का निर्णय लिया गया। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि धारी देवी मंदिर हमारी आस्था और संस्कृति का प्रमुख केंद्र है। नगर निगम की प्राथमिकता है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और मंदिर परिसर की पवित्रता तथा गरिमा बनी रहे। इसके लिए मोबाइल फोन प्रतिबंध, लॉकर व्यवस्था, सिंगल विंडो सिस्टम और अतिक्रमण हटाने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। नगर निगम मंदिर परिसर को व्यवस्थित, स्वच्छ और श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मौके पर पार्षद राजेंद्र नेगी, सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, अधिशासी अभियंता पवन कोठियाल, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, प्रवीण रावत, मंदिर समिति सचिव विवेक पांडेय, रमेश चंद्र पांडेय आदि उपस्थित रहे।






