ब्यूरो -नैनीताल : उत्तराखंड के शांत पहाड़ों में उस वक्त हड़कंप मच गया जब नैनीताल के जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। ईमेल में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में 12 आरडीएक्स आधारित आईईडी लगाए गए हैं, जो दोपहर 12:15 बजे विस्फोट कर सकते हैं।
ईमेल में ईडब्ल्यूएस आरक्षण का जिक्र करते हुए प्रतिबंधित संगठन लिट्टे और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का नाम भी लिखा गया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है।
अज्ञात ईमेल आईडी से आई धमकी
सूत्रों के मुताबिक, मेल मिलते ही अदालत परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना तत्काल एसएसपी को दी गई और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
अलर्ट मोड पर प्रशासन
पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। साइबर टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है, ताकि ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा सके।






