ब्यूरो रुद्रप्रयाग –
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग डॉ सौरभ गहरवार जनपद रुद्रप्रयाग में प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाने के साथ ही लगातार अपनी सामाजिक जिम्मेदारी भी सजकता के साथ निभा रहे हैं। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग जनपद से करीब 90 किलोमीटर दूर जनपद टिहरी में लगातार बिलेश्वर सीएचसी में अल्ट्रासाउंड की सेवाएं दे रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्र में लगातार अल्ट्रासाउंड की डिमांड आने के चलते जिलाधिकारी शनिवार को अवकाश के दिन बिलेश्वर सीएचसी पहुंचे यहां उन्होंने 82 महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया।
जनपद रुद्रप्रयाग की जिम्मेदारी संभालने से पहले डॉ सौरभ गहरवार जनपद टिहरी में बतौर जिलाधिकारी एक साल अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसी दौरान उन्हें टिहरी के सीएचसी बिलेश्वर में अल्ट्रासाउंड डॉक्टर की कमी की जानकारी मिली थी। स्थानीय महिलाओं की समस्या को समझते हुए उन्होंने सीएचसी बिलेश्वर में अल्ट्रासाउंड करना शुरू किया। बता दें कि जिलाधिकारी सौरभ गहरवार सिविल सेवाओं में आने से पहले बतौर रेडियोलॉजिस्ट अपनी सेवाएं दे चुके हैं। टिहरी में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने लगातार सीएचसी बिलेश्वर में अपनी सेवाएं दी। पिछले वर्ष रुद्रप्रयाग में जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद भी बिलेश्वर के लोगों की जरूरत एवं भावनाओं को ध्यान में रखते हुए रुद्रप्रयाग से करीब 90 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बिलेश्वर सीएचसी में डॉ सौरभ गहरवार लगातार अल्ट्रासाउंड की सेवाएं दे रहे हैं। शनिवार को जिलाधिकारी बिलेश्वर सीएचसी पहुंचे और वहां उन्होंने 82 महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया। वहीं जनपद रुद्रप्रयाग में जिला चिकित्सालय एवं अगस्त्यमुनि में भी जिलाधिकारी समय- समय पर अल्ट्रासाउंड करते आए हैं। उनकी बिलेश्वर पहुंचने पर स्थानीय लोग काफी खुश नजर आए एवं सभी ने उनको धन्यवाद दिया। जिलाधिकारी सौरभ गहरवार अब तक बिलेश्वर 1300 से अधिक महिलाओं का अल्ट्रासाउंड कर चुके हैं।