ब्यूरो
टिहरी गढ़वाल के घनसाली घुत्तू मोटर मार्ग पर सांकरी गांव के पास एक यूटिलिटी वाहन (UK07CD 0854) सड़क से करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसा रविवार सुबह करीब 4 बजे का बताया जा रहा है।
थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने जानकारी देते हुए बताया कि, जौनपुर निवासी पूरब सिंह रौथान (55) खच्चर खरीदकर अपने गांव सटीयाला जा रहे थे। वाहन को बॉबी (निवासी क्यारसी) चला रहा था। हादसे में चालक और एक घोड़े की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि पूरब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर थाना घनसाली पुलिस, SDRF और ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला। घायल को अस्पताल भेजा गया है,जबकि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए बालेश्वर अस्पताल भेज दिया गया है।
वहीं समाजसेवी भजन रावत ने बताया कि घुत्तू घनसाली मोटर मार्ग पर आए दिनों इस तरह की कई घटनाएं हो रही है जबकि कई बार लोनिवि और सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की गई है लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।






