देहरादून– चोरों के हौसले इतने बुलंद है कि वह सरकारी विभागों में भी चोरी करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। ताजा मामला जनपद देहरादून के रानी पोखरी क्षेत्र से सामने आया है। जहां चोरों ने विद्युत विभाग के उप संस्थान से 300 मीटर बिजली के केबल और अन्य उपकरण चोरी कर लिए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।सूचना मिलने पर पुलिस ने नाकेबंदी करी और कार में सवार होकर भाग रहे चोरों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। तत्काल हुई कार्रवाई से चोर चोरी किया गया सरकारी सामान क्षेत्र से बाहर नहीं ले जा पाए। पुलिस ने चोरों को अवर अभियंता ऋषि राम छेत्री की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है। चोरों के कब्जे से चोरी की गई बिजली की केबल और उपकरण के साथ औजार बरामद किए हैं। चोरी में इस्तेमाल कार को पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। रानी पोखरी थाना प्रभारी विकेंद्र चौधरी ने बताया कि चोरों की पहचान सहारनपुर निवासी सोहन, उत्तरकाशी निवासी सर्वेश और मनमोहन के अलावा देहरादून निवासी अरविंद के रूप में हुई है। आरोपी पहले भी आपराधिक वारदात करने के आरोप में जेल की हवा खा चुके हैं। पुलिस ने मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।







