श्रीनगर। देवप्रयाग के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय आयुष्मान को होश आ गया है। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस अस्पताल में पिछले दो दिनों से उसका गहन उपचार चल रहा था। चिकित्सकों की लगातार निगरानी और प्रयासों के बाद बच्चे की हालत में सुधार हुआ है।
हादसे के बाद गंभीर अवस्था में अस्पताल लाए गए आयुष्मान को आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें होने के बावजूद उपचार के सकारात्मक परिणाम सामने आए और होश आने पर उसे वेंटिलेटर से हटा दिया गया।
आयुष्मान उस इनोवा कार में सवार था, जिसमें एक ही परिवार के आठ लोग बद्रीनाथ यात्रा पर जा रहे थे। हादसे के बाद अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है।
बच्चे की हालत स्थिर होने पर गुरुवार को प्रशासन की मदद से उसे हेली सेवा के माध्यम से आगे के उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया। चिकित्सकों ने बताया कि समय पर मिले उपचार और लगातार निगरानी के चलते उसकी स्थिति में सुधार हुआ है।







