55 वर्षीय लीला देवी को 108 एंबुलेंस से पहुंचाया हंस अस्पताल, उपचार जारी
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के एकेश्वर विकासखंड के अंतर्गत ईडा मल्ला, श्रीकोटखाल में शुक्रवार को घास काटने गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में 55 वर्षीय लीला देवी घायल हो गईं। उनके गाल, जबड़े और पीठ पर चोटें आई हैं। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से हंस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, ईडा मल्ला निवासी लीला देवी शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे घर से लगभग 300 मीटर दूर घास काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
पूर्व प्रधान रविंद्र कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि महिला घर के नजदीक ही घास काटने गई थीं, तभी गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
गुलदार की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत:
पर्वतीय क्षेत्रों में गुलदार के हमलों की बढ़ती घटनाएं ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। जंगल से सटे गांवों में ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए घास और लकड़ी लेने जंगल की ओर जाना पड़ता है। ऐसे में गुलदार की मौजूदगी लोगों की सुरक्षा के लिए चुनौती बनी हुई है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता पर नजर रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।






