श्रीनगर, गढ़वाल । हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) कार्यालय में सोमवार को विभिन्न छात्र संगठनों एवं छात्रसंघ पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओ. पी. गुसाईं ने बताया कि यूजी के पांचवें, सातवें एवं नौवें सेमेस्टर के लिए प्रवेश पोर्टल 21 से 31 जुलाई तक खुला रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर इसकी अवधि बढ़ाई भी जा सकती है। उन्होंने कहा कि यूजी एवं पीजी तृतीय सेमेस्टर के परिणाम समर्थ पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं और प्रवेश प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। प्रवेश पोर्टल खुलने के 15 से 20 दिनों के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि बीटेक की सभी शाखाओं में प्रवेश जारी है।इधर,छात्रसंघ पदाधिकारियों एवं छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रवेश व्यवस्था को और बेहतर बनाने, परिसर में स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं तथा शिक्षकों और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने सहित विभिन्न सुझाव और मांगें रखीं।डीएसडबल्यू प्रो गुसाईं ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए प्रवेश समितियों एवं प्रवेश केंद्रों के गठन, हेल्प डेस्क, पेयजल, शौचालय, प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य केंद्र, एंबुलेंस, अभिभावकों के लिए प्रतीक्षालय तथा प्रवेश विवरणिका की पीडीएफ उपलब्ध कराने को क्यूआर कोड की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई है। कहा कि विश्वविद्यालय से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाएं केवल अधिकृत माध्यमों और विश्वविद्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए ही जारी की जाएंगी। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी जानकारी के लिए केवल अधिकृत स्रोतों पर भरोसा करने और विश्वविद्यालय की गतिविधियों में सहयोग करने की अपील भी की।
मौके पर प्रो. अतुल ध्यानी, डॉ. विजय ज्योति, डॉ. कपिल पंवार, महिपाल बिष्ट, अनुरोध पुरोहित, शिवांक नौटियाल, आयुष वेदवाल, वीरेंद्र बिष्ट, पंकज फर्स्वाण व अन्य उपस्थित रहे।






