श्रीनगर। नगर निगम श्रीनगर ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगर निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण का कार्य महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंप दिया है। गुरुवार को नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर आरती भंडारी ने पंजीकृत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को कार्यादेश (वर्क ऑर्डर) वितरित किए।इस निर्णय के तहत अब नगर निगम क्षेत्र में घर-घर जाकर यूजर चार्ज का संग्रहण स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं करेंगी। कार्यक्रम में महिलाओं को संग्रहण प्रक्रिया, नागरिकों से संवाद और पारदर्शी कार्यप्रणाली की जानकारी भी दी गई।महापौर आरती भंडारी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना ही नहीं, बल्कि महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से इस दायित्व का निर्वहन करेंगी।नगर निगम का मानना है कि इस पहल से महिलाओं को नियमित रोजगार के अवसर मिलेंगे, निगम की राजस्व संग्रहण व्यवस्था मजबूत होगी तथा नागरिकों और निगम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।कार्यक्रम में नगर आयुक्त नुपुर वर्मा, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, न्यू कमलेश्वर, ज्वालपा, राजराजेश्वरी और जय नंदा स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, पार्षद तथा नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

तिरंगा थीम पर मनेगा श्रीनगर में स्वतंत्रता दिवस समारोह
श्रीनगर, गढ़वाल । नगर निगम श्रीनगर की ओर से 15 अगस्त को गोला बाजार में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर निगम सभागार में बैठक आयोजित की गई। इस वर्ष समारोह “तिरंगा थीम” पर आधारित होगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि परेड में प्रत्येक विद्यालय 33 छात्र-छात्राओं का एक दल उतारेगा तथा विद्यालय एक ही आयु वर्ग (प्राथमिक, जूनियर या सीनियर) में प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। महापौर आरती भंडारी ने कार्यक्रम में शामिल बच्चों के लिए पेयजल, रिफ्रेशमेंट और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त नुपुर वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी खिर्सू अश्वनी रावत, सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, पार्षद तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।







