जोशीमठ। नीति घाटी में सोमवार को भारी बारिश के बीच तमक नाला अचानक उफान पर आ गया। देखते ही देखते नाले का जलस्तर इतना बढ़ गया कि तेज बहाव ने नाले पर बने पुल को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुल के क्षतिग्रस्त होने से मलारी गांव से आगे वाहनों और लोगों की आवाजाही बाधित हो गई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।इसी बीच सामने आए वीडियो में उफनते नाले के बीच पोकलैंड मशीन चालक की हिम्मत भी देखने को मिली। भारी-भरकम सैलाब के बीच चालक ने मशीन को संभालते हुए स्थिति से जूझने का प्रयास किया। चारों ओर तेज बहाव और मलबे के बीच मशीन को नियंत्रित करते चालक का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। विपरीत परिस्थितियों में चालक की हिम्मत की लोग दाद दे रहे हैं।बताया जा रहा है कि नीति घाटी में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण तमक नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। तेज बहाव की चपेट में आने से पुल को नुकसान पहुंचा, जिससे मलारी से आगे का संपर्क प्रभावित हुआ है। गनीमत रही कि अभी तक घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं। वहीं, राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके के लिए रवाना की गई हैं। प्रशासन की ओर से क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।भारी बारिश और उफनते नदी-नालों को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने तथा प्रभावित मार्गों पर आवाजाही से बचने की अपील की गई है।






