मुख्यमंत्री बोले- विकास का वास्तविक अर्थ आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास पुस्तिका प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का दस्तावेज होने के साथ जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही भी प्रस्तुत करती है।
मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि देते हुए आंदोलनकारियों के संघर्ष और योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में पृथक राज्य का सपना साकार हुआ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित एवं आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर पलायन की समस्या को कम करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने, स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक शैक्षिक संसाधनों पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने जी-20 बैठकों और 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को प्रदेश की उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन यात्रा और नए पर्यटन स्थलों के विकास से पर्यटन को सालभर रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से निवेश को बढ़ावा मिला है। वर्ष 2025-26 के अनुमानों के अनुसार प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार करीब 3.82 लाख करोड़ रुपये है, जबकि वर्ष 2026-27 का बजट एक लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही समान नागरिक संहिता, सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और भू-कानून को राज्यहित में उठाए गए कदम बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांवों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने, रोजगार बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और आपदा प्रबंधन को मजबूत करने का है।
इस अवसर पर महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राज्य स्थापना दिवस पर भेजा गया शुभकामना संदेश पढ़कर सुनाया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, खजान दास, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, महापौर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित शासन-प्रशासन के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।






