श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर ने बरसात के दौरान घरों की छतों से निकलने वाले पानी को लेकर सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कई घरों की छतों से बरसाती पानी की निकासी बिना पाइप के सीधे सड़कों पर हो रही है, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।नगर निगम कार्यालय से 10 अगस्त 2026 को जारी पत्र में नगर प्रमुख आरती भंडारी ने सहायक नगर आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ऐसे भवनों को चिन्हित किया जाए, जहां छतों से बरसात का पानी सीधे सड़कों पर गिर रहा है।आदेश में कहा गया है कि 15 दिनों के भीतर कर अनुभाग की टीम के साथ नगर निगम क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान ऐसे घरों को चिन्हित कर संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस जारी करने तथा नियमानुसार चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।







