श्रीनगर। देवप्रयाग विधानसभा की मढ़ी जिला पंचायत क्षेत्र के उलाणा ग्राम सभा, कड़ाकोट पट्टी में विधायक निधि से निर्मित यात्री शेड की गुणवत्ता को लेकर कांग्रेस नेता डॉ. प्रताप भंडारी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई है और जनता के धन का उचित उपयोग नहीं हुआ।डॉ. भंडारी ने कहा कि यात्री शेड की स्थिति देखकर निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। शेड के भीतर मिट्टी भरी हुई है और निर्माण कार्य भी अपेक्षित गुणवत्ता का नहीं दिखाई देता। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के माध्यम से कराए गए कई कार्य अपेक्षाकृत बेहतर हैं, जबकि विधायक निधि से कराए गए कार्यों में बड़ी संख्या में काम जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुके हैं।उन्होंने दावा किया कि विधायक निधि से कराए गए करीब 80 प्रतिशत कार्यों की स्थिति चिंताजनक है। यदि इन कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई मामलों में स्वीकृत राशि और मौके पर हुए वास्तविक कार्य के बीच अंतर सामने आ सकता है।

डॉ भंडारी ने कहा कि पांच लाख रुपये की लागत से स्वीकृत किसी कार्य में यदि दो लाख रुपये के बराबर ही वास्तविक काम हुआ है तो इसकी जांच आवश्यक है।डॉ. भंडारी ने संबंधित विभाग के अभियंताओं से मामले का संज्ञान लेने की मांग करते हुए कहा कि जनता के पैसे का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि निर्माण कार्य ऐसे सक्षम और जिम्मेदार लोगों से कराए जाएं, जो गुणवत्ता और मानकों का पूरा ध्यान रखें।उन्होंने कहा कि यात्री शेड सहित विधायक निधि से कराए गए कार्यों की गुणवत्ता की जांच के लिए वह प्रशासन के समक्ष मामला उठाएंगे। साथ ही यह भी जांच की मांग की जाएगी कि सरकारी धन के दुरुपयोग के लिए जिम्मेदार कौन है और निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी कैसे हुई। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।






