श्रीनगर। सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करना एनआईटी सुमाड़ी में कार्यरत 15 मजदूरों को भारी पड़ा। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने सार्वजनिक स्थलों एवं थाना क्षेत्रों में हुड़दंग करने वाले व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनआईटी सुमाड़ी क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों द्वारा हुड़दंग किए जाने की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार मौके से 15 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर कोतवाली श्रीनगर लाया गया, जहां पूछताछ के बाद सभी के विरुद्ध धारा 81 पुलिस अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई की जद में आए लोगों में रवि कुमार, प्रदीप कुमार, अक्षय कुमार, मिथलेश कुमार, अजीत कुमार, संजय कुमार, शेखर कुमार, विजेन्द्र कुमार, पंचम कुमार, रेशलाल मंडल, मनीश कुमार, दीपेन्द्र सिंह कुमार, सुमन, प्रशांत कुमार और सूरज शामिल हैं। इनमें अधिकांश बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी हैं, जबकि कुछ व्यक्ति नेपाल के बर्दिया जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग एवं शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






