श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर निवासी विकास शाह ने लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन (LNIPE) से PGDSC Diploma in Sports Coaching 2025-26 सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। घोषित फाइनल परिणाम में विकास शाह ने A ग्रेड प्राप्त किया है।
उन्होंने अपनी इंटर्नशिप Army Public School, पिथौरागढ़ में पूरी की, जिसमें उन्हें 100 में 99 अंक और A+ ग्रेड मिला।
बताया गया है कि LNIPE के इस एथलेटिक्स डिप्लोमा कार्यक्रम में देशभर से सीमित संख्या में अभ्यर्थियों का चयन किया जाता है। ऐसे में विकास शाह का इस पाठ्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करना उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उनके गुरु एवं एथलेटिक्स कोच अनूप बिष्ट ने विकास शाह और उनके परिवार को इस सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि विकास आने वाले समय में उत्तराखंड और श्रीनगर के युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन देने में योगदान करेंगे।
विकास शाह की खेल प्रतिभा को शुरुआती स्तर पर दिशा देने वाली व्यायाम अध्यापिका पूनम जैन ने भी उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।
विकास शाह की इस उपलब्धि से उनके परिवार, गुरुजनों और क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी है। उम्मीद है कि प्राप्त प्रशिक्षण और अनुभव का लाभ क्षेत्र के उभरते एथलीटों को भी मिलेगा।






