श्रीनगर, गढ़वाल । कीर्तिनगर ब्लॉक के मलेथा के समीप सिरोला गांव में मृत बकरी का मांस खाने के बाद दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया। बीमारों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि कई बच्चों को श्रीनगर के बेस अस्पताल के बाल रोग विभाग में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव में एक बकरी की मौत होने पर कुछ ग्रामीणों ने उसका मांस पकाकर खा लिया। मांस खाने के कुछ समय बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बच्चों में डायरिया की शिकायत होने लगी। परिजनों ने सभी बीमारों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
बेस अस्पताल श्रीनगर के चिकित्सक डॉ. अजय गोस्वामी ने बताया कि किसी पशु की बीमारी या संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने पर उसका मांस बिल्कुल नहीं खाना चाहिए। ऐसे मांस में हानिकारक बैक्टीरिया और संक्रमणकारी तत्व मौजूद हो सकते हैं, जो पकाने के बाद भी स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि मांस खाने के बाद उल्टी, दस्त, पेट दर्द, बुखार, कमजोरी या डिहाइड्रेशन जैसे लक्षण दिखाई दें तो मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाये। विशेष रूप से छोटे बच्चों में डिहाइड्रेशन तेजी से गंभीर रूप ले सकता है, इसलिए इलाज में देरी नहीं करनी चाहिए।






