देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजपुर रोड स्थित एक होटल में सर्राफ मंडल देहरादून की ओर से आयोजित भव्य ज्वैलरी एग्जीबिशन का अवलोकन किया। उन्होंने पारंपरिक आभूषणों और स्वर्णकारों की उत्कृष्ट कारीगरी की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक आभूषणों को ‘लोकल टू ग्लोबल’ पहचान दिलाने की दिशा में राज्य सरकार प्रभावी कदम उठाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में गढ़वाली नथ, पौंजी, चंपकली हार, कुमाऊंनी गुलोबंद, पिचौरा हार और झूमका सहित विभिन्न पारंपरिक डिजाइनों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय कला, संस्कृति और स्थानीय हुनर को नई पहचान देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहल से देश के कारीगरों और स्वदेशी उत्पादों को नए अवसर मिल रहे हैं। उत्तराखंड सरकार भी कौशल विकास और आर्थिक सहायता के माध्यम से स्वर्णकारों व स्थानीय कारीगरों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक डिजाइनों को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित कर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने स्वर्णकार समाज के कौशल विकास के लिए योजनाएं तैयार करने का भरोसा दिलाते हुए उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प में समाज से सहयोग का आह्वान किया।







