श्रीनगर गढ़वाल। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पौड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली श्रीनगर पुलिस और सीआईयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट कार की डिक्की से 7 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार करते हुए तस्करी में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार के निर्देशन में जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली श्रीनगर पुलिस एवं सीआईयू टीम द्वारा डैम कॉलोनी तिराहा, श्रीकोट स्थित एनएच-07 पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने स्विफ्ट कार संख्या UK07FX-7379 को रोककर तलाशी ली। वाहन की डिक्की खोलने पर उसमें शराब की पेटियां बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में McDowells No-1 Select Whisky 180 ML की 6 पेटी, कुल 288 पव्वे, जबकि Soulmate Black Special Whisky 180 ML की 1 पेटी, कुल 48 पव्वे शामिल हैं। इस तरह कुल 7 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई।पुलिस ने मौके से 26 वर्षीय सचिन पंवार को गिरफ्तार किया और शराब तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को सीज कर दिया। पुलिस अब आरोपी से शराब के स्रोत और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।मामले में आरोपी के खिलाफ कोतवाली श्रीनगर में धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।गिरफ्तार आरोपी: सचिन पंवार पुत्र मनोज सिंह पंवार, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम ग्वोस्तू, पोस्ट लंग्वाल्योंबगड़, पट्टी चलणस्यूं, थाना श्रीनगर, जनपद पौड़ी गढ़वाल।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेश असवाल, हेड कांस्टेबल चरण सिंह, हेड कांस्टेबल हरीश लिंगवाल, हेड कांस्टेबल मनोज (सीआईयू) और कांस्टेबल मुकेश (सीआईयू) शामिल रहे।






