ब्यूरो -कोटद्वार से पोखड़ा जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब चलती बस में तैनात परिचालक अचानक बेहोश हो गया। सवारियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने पर परिचालक के अत्यधिक शराब के नशे में होने की बात सामने आई। बस से शराब की खाली बोतल भी बरामद होने की जानकारी है।जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे रोडवेज बस कोटद्वार से सवारियां लेकर पोखड़ा के लिए रवाना हुई थी। गुमखाल से पहले डे-नाइट होटल के पास बस में तैनात परिचालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। परिचालक की हालत देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने परिचालक की स्थिति देखी। बताया गया कि वह शराब के अत्यधिक नशे में था। बस से शराब की खाली बोतल मिलने की बात भी सामने आई है। ड्यूटी के दौरान परिचालक के शराब के नशे में होने की घटना से यात्रियों में रोष है और रोडवेज की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। परिचालक के बेहोश होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में कोटद्वार से दूसरी बस भेजी गई, जिससे यात्रियों को पोखड़ा रवाना किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में यात्रियों को करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा।






