निष्कासित कुछ लोगों को आधार बनाकर पार्टी की छवि धूमिल करने का लगाया आरोप
श्रीनगर/कीर्तिनगर । उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) युवा प्रकोष्ठ ने सोशल मीडिया पर पार्टी के बिखराव और टूटने के दावों को भ्रामक करार देते हुए कहा है कि संगठन विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी मजबूती से जुटा हुआ है। युवा प्रकोष्ठ के प्रवक्ता अरुण नेगी ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस के लोग सोशल मीडिया के माध्यम से यूकेडी के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं।
अरुण नेगी ने कहा कि कुछ निष्कासित व्यक्तियों के आधार पर पूरे दल के टूटने का माहौल बनाया जा रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि यूकेडी का संगठन पूरे उत्तराखंड में बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई विधानसभा सीटों पर पांच से सात संभावित उम्मीदवार सक्रिय रूप से संगठनात्मक कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता के मामलों में कार्रवाई कर कुछ लोगों को निष्कासित किया गया है, लेकिन इसे पूरे संगठन के बिखराव के रूप में प्रस्तुत करना तथ्यात्मक रूप से गलत है। जिलाध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं।
युवा प्रकोष्ठ के प्रवक्ता ने मीडिया से भी अपील की कि सोशल मीडिया पर चल रहे दावों के बजाय जमीनी हकीकत के आधार पर पार्टी की स्थिति को सामने रखा जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी एक व्यक्ति के बयान से किसी राजनीतिक दल का अस्तित्व समाप्त हो जाता है।
अरुण नेगी ने कहा कि यूकेडी राज्य आंदोलन की विचारधारा से निकला संगठन है और कुछ लोगों के जाने से पार्टी खत्म नहीं होने वाली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भ्रम फैलाने वालों के दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देने का आह्वान करते हुए कहा कि “व्यक्ति नहीं, विचारधारा से चलेगा उत्तराखंड।”







