धारचूला (पिथौरागढ़):–
कोविड महामारी के बाद प्रभावित हुए भारत-चीन सीमा व्यापार के दोबारा शुरू होने के बाद व्यापारियों की आवाजाही जारी है। सोमवार को भारतीय व्यापारियों का तीसरा बैच चीन पहुंचा। इस बैच में 6 व्यापारी और 4 हेल्पर समेत कुल 10 लोग शामिल हैं, जो अपने साथ 23 लाख 63 हजार रुपये मूल्य का व्यापारिक सामान लेकर चीन गए हैं।
वहीं, पूर्ववर्ती बैचों में व्यापार के लिए चीन गए 9 व्यापारी भारत लौट आए हैं। उनके साथ लाई गई व्यापारिक सामग्री का कस्टम विभाग द्वारा नियमानुसार क्लीयरेंस किया जा रहा है।
उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी के मुताबिक, जिला प्रशासन आगामी व्यापारिक बैचों को भी शीघ्र चीन भेजने के लिए वहां के संबंधित प्रशासन के साथ लगातार समन्वय और वार्ता कर रहा है। सीमा व्यापार को सुचारू और व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए संबंधित विभागों के बीच तालमेल बनाए रखा जा रहा है। जिला प्रशासन के अनुसार, आगामी व्यापारिक बैचों को भेजने की प्रक्रिया भी जारी है।






