कोटद्वार, संवाददाता। कोटद्वार पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मानपुर क्षेत्र में एक दुकान संचालक को 424 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 21 सितंबर को कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मानपुर स्थित दुकान पर छापा मारा। कार्रवाई में जानकी प्रसाद (66), निवासी मानपुर, को दुकान से 424 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा संख्या 226/2026, धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2013 में भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और नशा तस्करी से जुड़े अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है।






