श्रीनगर, गढ़वाल । उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को श्रीनगर में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ और शिलान्यास किया। उन्होंने गढ़देवा का शुभारंभ करने के साथ ही करीब 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन भवन का शिलान्यास किया।इस दौरान डॉ. रावत ने लगभग 3.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली आधुनिक लाइब्रेरी की आधारशिला भी रखी। उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय नई पीढ़ी के लिए वरदान साबित होगा। इसमें विभिन्न विषयों की हजारों पुस्तकें उपलब्ध होंगी और विद्यार्थियों, युवाओं सहित सभी लोगों को निःशुल्क अध्ययन की सुविधा मिलेगी।उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय श्रीनगर को एजुकेशन हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इसका लाभ मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों समेत हर वर्ग को मिलेगा। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में देहरादून और दिल्ली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराकर पलायन रोकने और स्थानीय स्तर पर शिक्षा सुविधाओं का विस्तार करना सरकार की प्राथमिकता है।डॉ. रावत ने सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन के भवन में वातानुकूलित (एसी) सुविधा उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।कार्यक्रम में मेयर आरती भंडारी, भाजपा श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, जिला महामंत्री गणेश भट्ट, शुभम प्रभाकर, शशि जुयाल, सीमा भंडारी, गणेश प्रसाद टम्टा, सुरेश चंद्र मैठानी, जे.पी. काला, दीनबंधु सिंह चौहान, पी.सी. नोडियाल, विमल प्रसाद बहुगुणा, प्रेम बल्लभ नैथानी, यमुना प्रसाद काला, राजा राम जोशी, लखपत भंडारी, पार्षद रमेश रमोला और अजब सिंह रावत सहित अनेक लोग मौजूद रहे।






