रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में पर्यावरण संरक्षण और कूड़ा प्रबंधन के लिए संचालित “कैरी मी बैक पॉलिसी” अभियान के तहत अब तक 12 टन सूखा कूड़ा धाम से गौरीकुंड तक लाया जा चुका है। इस अभियान में 4732 श्रद्धालुओं ने स्वेच्छा से भाग लेकर सहयोग किया।जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के मार्गदर्शन में नगर पंचायत केदारनाथ द्वारा हीलिंग हिमालयास फाउंडेशन और सुलभ इंटरनेशनल के सहयोग से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत श्रद्धालुओं को विशेष बैग दिए जाते हैं, जिनमें वे 4 से 5 किलोग्राम तक सूखा कूड़ा एकत्र कर गौरीकुंड तक लेकर आते हैं। इसमें प्लास्टिक की बोतलें, रैपर, पैकेजिंग सामग्री और अन्य सूखा अपशिष्ट शामिल है।अभियान का संचालन उपजिलाधिकारी ऊखीमठ एवं प्रभारी अधिकारी नगर पंचायत केदारनाथ के निर्देशन में किया जा रहा है। हीलिंग हिमालयास फाउंडेशन बैग उपलब्ध कराने और गौरीकुंड में कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था संभाल रहा है, जबकि सुलभ इंटरनेशनल कूड़े के परिवहन और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की जिम्मेदारी निभा रहा है।नगर पंचायत केदारनाथ के अधिशासी अधिकारी नीरज कुकरेती ने बताया कि यात्रा अवधि के दौरान अभियान लगातार जारी रहेगा। श्रद्धालुओं की सहभागिता से केदारनाथ धाम को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं।






