पौड़ी/कोटद्वार। बिना आवश्यक मान्यता और अनुमति के संचालित शिक्षण गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कोटद्वार में दो मदरसों को सील कर दिया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार और जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मंगलवार देर शाम विभिन्न मस्जिद परिसरों का औचक निरीक्षण किया।टीम ने लकड़ी पड़ाव स्थित मदीना/रसीदिया मस्जिद के बेसमेंट में करीब 7:10 बजे निरीक्षण किया। यहां एक कमरे में 29 बच्चे पढ़ते मिले, जिनमें 14 बालिकाएं और 15 बालक शामिल थे। जांच के दौरान शिक्षण गतिविधि के लिए आवश्यक मान्यता संबंधी अभिलेख नहीं मिले। इसके बाद संचालक की मौजूदगी में कमरे को सामान सहित सील कर दिया गया और भविष्य में वहां पठन-पाठन गतिविधि संचालित नहीं करने की हिदायत दी गई।इसके बाद टीम ने मुख्य बाजार स्थित नजीबाबाद रोड की जामा मस्जिद का निरीक्षण किया। यहां एक कमरे में 14 बच्चे पढ़ाई करते मिले। संबंधित शिक्षण गतिविधि के लिए आवश्यक मान्यता के दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर प्रशासन ने कमरे तक जाने वाले मार्ग के प्रवेश द्वार पर लगे लोहे के गेट को मस्जिद पदाधिकारियों की मौजूदगी में सील कर दिया।एसडीएम ने कहा कि बिना आवश्यक मान्यता, अनुमति अथवा निर्धारित प्रक्रिया के संचालित शिक्षण गतिविधियों के खिलाफ जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। संयुक्त टीमें स्थलीय सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।






