कोटद्वार। उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूटीईटी) में अपने स्थान पर सॉल्वर बैठाने वाले मुख्य अभ्यर्थी को कोटद्वार पुलिस ने काशीपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सॉल्वर को परीक्षा केंद्र से ही गिरफ्तार कर चुकी है।एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि 29 सितंबर को कलाबड़ स्थित मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती इंटर कॉलेज में यूटीईटी परीक्षा के दौरान जांच में अभ्यर्थी विशाल कुमार के स्थान पर बिजनौर निवासी हिमांशु चौहान के परीक्षा देने का मामला सामने आया था। पूछताछ और सत्यापन के बाद पुलिस ने हिमांशु को मौके से गिरफ्तार कर लिया।प्रधानाचार्य की तहरीर पर कोतवाली कोटद्वार में धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान सामने आया कि विशाल कुमार ने ही हिमांशु चौहान को अपने स्थान पर परीक्षा देने के लिए भेजा था। इसके बाद पुलिस टीम ने बुधवार को काशीपुर के खेड़ा गंज निवासी विशाल कुमार पुत्र हरिशंकर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।






