श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज श्रीनगर के देवलोक होटल में गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने श्रीनगर एवं पौड़ी विधानसभा के भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकें कीं।बैठक के दौरान सांसद बलूनी ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा पार्टी की संभावनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने दोनों विधानसभाओं के अपेक्षित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संभावित प्रत्याशी को लेकर भी फीडबैक लिया और उनकी राय जानी। इस दौरान पार्टी की ओर से तीसरी बार प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर संगठनात्मक रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।सांसद अनिल बलूनी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव लड़ने की दावेदारी करना प्रत्येक कार्यकर्ता का अधिकार है, लेकिन पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जिस भी व्यक्ति को प्रत्याशी घोषित करे, सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे आपसी मतभेद भुलाकर पूरी एकजुटता के साथ उसके समर्थन में कार्य करें। संगठन की सामूहिक शक्ति ही चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है। सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आपसी समन्वय, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें। उन्होंने तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को कई महत्वपूर्ण सूत्र दिए तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
*भाजपा की हैट्रिक तय*
बैठक में सांसद अनिल बलूनी ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की हैट्रिक तय है और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों को नई गति दी जाएगी तथा जनअपेक्षाओं के अनुरूप विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, जिला प्रभारी नलिन भट्ट, श्रीनगर विधानसभा प्रभारी विजय कप्रवान, जिला महामंत्री गणेश भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, पूर्व जिलाध्यक्ष मातवर सिंह रावत, संपत सिंह रावत, सुषमा रावत, पौडी विधायक राजकुमार पोरी, पूर्व विधायक मुकेश कोहली, श्रीनगर नगर निगम मेयर आरती भंडारी, पौड़ी नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी , श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल सहित जिले के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष एवं महामंत्री, जिला पदाधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।बैठक के माध्यम से सांसद अनिल बलूनी ने स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में व्यक्तिगत दावेदारी से ऊपर संगठन की सामूहिक शक्ति और पार्टी का निर्णय सर्वोपरि रहेगा। सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ अभी से जुटने का आह्वान किया गया।






