ब्यूरो । अक्टूबर माह में भाजपा संगठन की बैठकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित उत्तराखंड दौरे को लेकर भी तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री के 22 से 25 अक्टूबर के बीच केदारनाथ धाम पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अभी उनका विस्तृत आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।संभावित दौरे को देखते हुए केदारनाथ धाम में सुरक्षा और व्यवस्थाओं से जुड़ी तैयारियां बढ़ा दी गई हैं। एसपीजी की टीम केदारनाथ पहुंचकर धाम का निरीक्षण कर चुकी है। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल और यात्रा व्यवस्थाओं सहित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की जा रही है।संभावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार की पूजा-अर्चना कर सकते हैं। इसके साथ ही केदारपुरी में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का जायजा लेने की संभावना है।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए किए जा रहे कार्यों और व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जा सकती है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी प्रधानमंत्री के उत्तराखंड दौरे को संभावित बताया है। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री केदारनाथ धाम में दर्शन के साथ टिहरी में एक लोकार्पण कार्यक्रम में भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, दौरे में कितने कार्यक्रम होंगे और किन स्थानों पर प्रधानमंत्री जाएंगे, इसकी स्थिति आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।यदि दौरा तय होता है तो करीब चार साल बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केदारनाथ धाम पहुंचेंगे। संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों ने भी व्यवस्थाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं।






