197.87 करोड़ की छह योजनाओं की रखी आधारशिला, 34.04 करोड़ की छह योजनाएं जनता को समर्पित
गैरसैंण (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को भराड़ीसैंण में जनपद चमोली की 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। योजनाएं पेयजल, सड़क, शिक्षा, भू-धंसाव से सुरक्षा तथा पुलिस और अग्निशमन सुविधाओं से जुड़ी हैं।
मुख्यमंत्री ने गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर 122.69 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित बांध निर्माण योजना का शिलान्यास किया। इसके अलावा कर्णप्रयाग के बहुगुणानगर में 50.19 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से सुरक्षा कार्यों की आधारशिला रखी। राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण पर 12.17 करोड़ रुपये और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण के भवन अनुरक्षण पर 22.75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
सड़क संपर्क सुधारने के लिए 6.99 करोड़ रुपये की लागत से कुमोली रैवान मोटर मार्ग के किमी दो से फरखण्डे मोटर मार्ग तथा 5.61 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के किमी दो से कुमोली रैवान मोटर मार्ग से संबंधित कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) का उच्चीकरण, 4.38 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में ऑडिटोरियम भवन का निर्माण तथा 4.03 करोड़ रुपये की लागत से सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किमी छह से 11 तक सुधार एवं डामरीकरण कार्य शामिल हैं।
इसके साथ ही कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के किमी एक से आठ तक 2.18 करोड़ रुपये की लागत से सुधार, डामरीकरण एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया। गैरसैंण में 4.38 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन और 4.25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित थाना गैरसैंण भवन भी जनता को समर्पित किए गए।
इन योजनाओं से गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क, शैक्षणिक सुविधाओं तथा पुलिस एवं अग्निशमन सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।






