रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सिरोबगड़ लैंडस्लाइड जोन का स्थलीय निरीक्षण कर भूस्खलन के स्थायी समाधान के लिए चल रहे ट्रीटमेंट कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सड़क के दोनों ओर 100 मीटर के दायरे में चेतावनी और यातायात संबंधी साइनेज लगाने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों को भूस्खलन की आशंका और निर्माण कार्यों के प्रति पहले से सतर्क किया जा सके। उन्होंने कार्यस्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने और निर्माण के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रीटमेंट कार्य के लिए बड़ी मशीनरी या भारी उपकरण साइट पर लाने से पहले पुलिस एवं प्रशासन को अनिवार्य रूप से सूचना दी जाए, ताकि यातायात प्रबंधन के लिए समय रहते आवश्यक व्यवस्था की जा सके और जाम की स्थिति से बचा जा सके।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को ट्रीटमेंट कार्यों की नियमित निगरानी करने, गुणवत्ता बनाए रखने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा सहित स्थानीय आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण सिरोबगड़ मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यातायात सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।






