श्रीनगर।गैरसैंण विधानसभा सत्र से लौटते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को श्रीनगर और कीर्तिनगर में रुककर स्थानीय कारोबारियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया।सीएम धामी ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिला समूहों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों को करवाचौथ और दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।जीवीके हेलीपैड पहुंचने पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी और महापौर आरती भंडारी सहित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। देहरादून जाते समय मुख्यमंत्री श्रीनगर चुंगी के पास मंगल सिंह की चाय की दुकान पर रुके। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ चाय पी और वहां मौजूद बच्चियों, नागरिकों व अधिकारियों को अपने हाथों से चाय परोसी। इस दौरान उन्होंने दुकानदार और स्थानीय लोगों से बातचीत भी की।इसके बाद कीर्तिनगर पुल के पास मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं के उत्पादों के विपणन पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलने से महिला समूहों को लाभ मिल सकता है। महिलाओं ने महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और करवाचौथ पर अवकाश घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। मौके पर महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, एसडीएम नूपुर वर्मा सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






