श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग में अतिथि शिक्षक डॉ. दीप्ति सेमवाल को 21वें उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सम्मेलन-2026 में यंग साइंटिस्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) की ओर से 25 और 26 अक्टूबर को आयोजित सम्मेलन में उन्हें जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध प्रस्तुति के लिए यह सम्मान मिला।
डॉ. सेमवाल ने ‘जैविक संसाधनों का स्थानिक वितरण एवं सामुदायिक सहभागिता’ विषय पर शोध प्रस्तुत किया। उन्होंने गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय से प्रो. मोहन सिंह पंवार के निर्देशन में ‘बायोजियोग्राफिकल रीजनलाइजेशन ऑफ गढ़वाल रीजन’ विषय पर पीएचडी पूरी की है। वह रुद्रप्रयाग जिले के सुदूरवर्ती उथिंड गांव की निवासी हैं।
सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों के विशेषज्ञ पैनल ने शोध प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। इसमें प्रो. हरीश कर्नाटक, आईआईआरएस-इसरो के वैज्ञानिक प्रो. कमल पांडे और भारतीय वन्यजीव संस्थान के वैज्ञानिक शामिल रहे। सम्मेलन में 261 प्रतिभागियों ने शोध पत्र प्रस्तुत किए, जिनमें 165 महिलाएं और 96 पुरुष शामिल थे। उत्कृष्ट शोध प्रस्तुतियों के लिए कुल 36 यंग साइंटिस्ट अवार्ड प्रदान किए गए। इनमें 16 महिला और 20 पुरुष शोधार्थी सम्मानित हुए।






