देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य के विभिन्न विभागों में 1818 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने के लिए शासन की ओर से उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को अध्याचन भेजा गया है। इन भर्तियों में पुलिस, अग्निशमन, कारागार, आबकारी और वन विभाग के पद शामिल हैं।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि योग्य युवाओं को उनकी मेहनत के अनुरूप अवसर मिल सके।
इन विभागों में होंगी भर्तियां:भर्ती के तहत उत्तराखंड पुलिस में आरक्षी संवर्ग के 1187, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 93, उप निरीक्षक अभिसूचना के 19 और प्लाटून कमांडर पीएसी, आईआरबी व एसडीआरएफ के 81 पद शामिल हैं। इसके अलावा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच पदों पर भर्ती की जाएगी।कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग में बंदीरक्षक के 117, आबकारी विभाग में आबकारी सिपाही के 50 और उप आबकारी निरीक्षक के दो पद भरे जाएंगे। वहीं वन विभाग में वन आरक्षी के 189 और स्पेशल टाइगर गार्ड के 75 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक योग्य युवा को अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर आगे बढ़ने का अवसर मिले। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आयोग को अध्याचन भेजे जाने के बाद अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण की तैयारियां की जाएंगी। इससे सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे प्रदेश के युवाओं को विभिन्न विभागों में सेवा का अवसर मिल सकेगा।






