चार नवंबर को तहसील में धरना, सड़क निर्माण के लिए प्रशासन को दी चेतावनी
श्रीनगर । ‘2026 में सड़क नहीं तो 2027 में वोट नहीं’ के नारे के साथ कीर्तिनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत गवाना-पट्टी डागर के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। ग्रामीण चार नवंबर को कीर्तिनगर तहसील में एक दिवसीय धरना देंगे। इस संबंध में ग्राम पंचायत की ओर से उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर कार्रवाई की अपील की गई है।
ग्रामीणों सोनी देवी, पिंकी, सुलोचना, विजयानंद गोदियाल, पूरन सिंह, रणजीत सिंह आदि नें बताया कि सड़क सुविधा नहीं होने से गांव के लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग उठाने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। बताया कि ग्राम पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से धरना देने का निर्णय लिया गया है।
ग्रामीणों ने वर्ष 1962 की पेमाइस के आधार पर ग्राम पंचायत को वन क्षेत्र से मुक्त करने, सड़क निर्माण से प्रभावित होने वाली भूमि, मकान और पेड़ों का सर्वे कर उचित मुआवजा निर्धारित करने तथा सड़क की वित्तीय स्वीकृति जारी कर निर्माण शुरू करने की मांग की है, जबकि सड़क निर्माण कार्य पीएमजीएसवाई के तहत कराने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर वे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग नहीं करेंगे। साथ ही सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से राशन नहीं लेने और गांव में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों का विरोध करने की बात कही है।






