धारी देवी से कीर्तिनगर पुल तक होगा बस का संचालन, महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित
श्रीनगर, संवाददाता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के श्रीनगर दौरे पर शनिवार को शहरवासियों को करीब 9.35 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। मुख्यमंत्री ने करीब नौ साल बाद शहर में दोबारा शुरू हुई सिटी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण और नगर निगम के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। वहीं, ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित करने के साथ 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की।
मुख्यमंत्री के श्रीनगर पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, महापौर आरती भंडारी और जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला समेत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वागत किया। शहर में जगह-जगह लोगों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस दौरान जूनियर दिल्ली स्कूल की प्रधानाचार्य बबिता गुसाईं के साथ पहुंचे 10 विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को डीक्राफ्ट भेंट किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत कर उनका हालचाल जाना।
शहरवासियों की लंबे समय से प्रतीक्षित मांग पूरी करते हुए मुख्यमंत्री ने करीब 22.48 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई 30 सीटर सिटी बस का शुभारंभ किया। महापौर आरती भंडारी की पहल पर जिलाधिकारी को भेजे गए प्रस्ताव के बाद जिला प्रशासन ने अनटाइड फंड से बस के लिए धनराशि उपलब्ध कराई थी। बस धारी देवी से कलियासौड़ होते हुए कीर्तिनगर पुल तक संचालित होगी। शुरुआत में प्रतिदिन इसके कम से कम पांच चक्कर लगाए जाएंगे। सर्दियों में बस सुबह आठ से रात आठ बजे और गर्मियों में सुबह सात से रात आठ बजे तक चलेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर बस स्टॉप भी बनाए जाएंगे। बस सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और स्थानीय नागरिकों को सस्ती सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वाटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क और विभिन्न पार्कों के सौंदर्यीकरण समेत अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 2,01,530 रुपये का चेक वितरित किया। वहीं, नगर निगम में स्वच्छता कार्यों में जुटी 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की। इस पहल का उद्देश्य महिला समूहों की आजीविका को प्रोत्साहित करने के साथ स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखना है।
मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति आत्मीय व्यवहार भी दौरे के दौरान चर्चा का विषय रहा। कॉलेज गेट के समीप विद्यार्थियों को देखकर वह प्रोटोकॉल से हटकर वाहन से नीचे उतरे और उनके बीच पहुंचकर बातचीत की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे खासे उत्साहित नजर आए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, नगर निगम के पार्षद, विभिन्न जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






