चमोली। विश्व धरोहर में शामिल चमोली जनपद की फूलों की घाटी नेशनल पार्क को शीतकाल के लिए पर्यटकों की आवाजाही के मद्देनजर बंद कर दिया गया है। इस वर्ष घाटी में देश-विदेश से कुल 35,261 पर्यटक पहुंचे। पर्यटकों की आवाजाही से वन विभाग को 67 लाख 7 हजार 500 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।शनिवार को निर्धारित समय के अनुसार फूलों की घाटी के प्रवेश द्वार को शीतकाल के लिए बंद कर दिया गया। इसके साथ ही इस वर्ष का पर्यटन सत्र समाप्त हो गया। समुद्रतल से करीब 3,200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित फूलों की घाटी अपनी प्राकृतिक सुंदरता, दुर्लभ पुष्प प्रजातियों और जैव विविधता के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक यहां की प्राकृतिक छटा का दीदार करने पहुंचते हैं।शीतकाल में बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के चलते घाटी पर्यटकों के लिए बंद रहती है। अब अगले पर्यटन सत्र में मौसम अनुकूल होने और प्रशासन की ओर से अनुमति मिलने के बाद घाटी को पर्यटकों के लिए दोबारा खोला जाएगा।







